ऐसा नहीं था कि वे मेरे अध्ययन और किताबों की पसंद से अनजान थे। यदि मैं उन्हें यह किताब भेंट करने का साहस जुटा पाता, तो वे उसे बेहद सहर्ष स्वीकार करते।
सेल्फ की सफाई के बाद आज मैं जिस अफसोस के बंधनों में उलझा हूँ, उसकी कल्पना मात्र से भी डरता था। लेकिन वह आज ठीक मेरे सामने खड़ा है और मेरी कमजोरी को दुत्कार रहा है।
मुझे वह प्रसंग अच्छे से याद है। जब मैंने उनसे कहा था कि मैंने निर्मल जी का नाटक 'डेढ़ इंच ऊपर' देखा है—वह मानवता के बहुत ठीक करीब है। उस वक्त वे ठीक राम मंदिर का भूमि-पूजन देखकर उठे थे। और हम संघ के मानवीय भावना की सुरक्षा पर बात कर रहे थे उसी संवाद के दौरान मैंने हिंसक प्रदर्शन के जबाब में निर्मल जी का लाचार गवाह बनने की बात रखी।
उन्होंने पूछा, आप निर्मल की कौन सी विचारधारा को आगे रखते हो?
वे अक्सर तर्क-क्रिया के दौरान 'आप' कहकर ही संबोधित करते थे—कभी यह अंदाज बिल्कुल स्वाभाविक होता तो कभी व्यंग्यात्मक।
दक्षिण या वामपंथी?
मैंने जवाब दिया, "मैं उन्हें उनकी डायरी से जानता हूँ। (धूंध से उठती धुन) और उन पर सदैव यह आरोप लगता रहा कि वे उत्तरार्ध के समय दक्षिणपंथी विचारों को लेकर निश्चित थे और उसे उपयोगी मानते थे। और उनके वैचारिक स्तंभ मुझे लगता है उनकी पुस्तक 'पिछली गर्मियों के पूर्वी और पश्चिमी जर्मनी के यात्रा वृत्तांत' में हिलते हुए महसूस होते हैं।"
वे मुस्कुराए। बोले, नहीं, आप किस विचारधारा को मानते हैं?
मैंने कहा, पता नहीं, मैं बदलता रहता हूँ, लेकिन लोग कहते हैं कि मेरे विचार बहुत तीखे हैं।
उ तो हम जानत हीं, तोरा से हर कोई नाई लागे।
उनके प्रभावशाली व्यक्तित्व के घेरे में इतनी खाली और उदार जगह थी, जहाँ मेरे जैसे छोटे आदमी के शब्द भी पूरी आज़ादी से भटक सकते थे।
पीजीआई, लखनऊ में इलाज के दौरान जब वे अपनी व्याकुलता वश बार-बार अपनी पहचान बताते हुए उग्र हो जाते थे—कहाँ है डॉक्टर? बोलो उसको कि मैं आया हूँ... और अपने पैर हिलाने लगते थे।
तब मैंने हिम्मत कर कहा था,
बाबा, लंबी भीड़ है, थोड़ा समय लगेगा।
क्या कहना चाहते हैं आप?
बाबा, यह पूरे देश की हालत है। कुछ लोग इस सिस्टम में बोझ हैं और कुछ बस मजबूरी मात्र हैं। मेरा यह बोलना मेरे लिखने जितना बिल्कुल भी सरल नहीं था।
क्या लगता है आपको, हम लोग बोझ हैं या मजबूरी?—वे मुस्कुरा रहे थे।
मैं इसके उत्तर में झिझक गया और उठकर डॉक्टर की वास्तविक स्थिति जानने के लिए आगे बढ़ गया।
अजीब बात थी कि पूरे इलाज के दौरान उन्होंने कभी भी अपने प्रतिष्ठित पद का प्रचार नहीं किया।
ठीक ऐसा ही एक वाकया तब हुआ था, जब पत्रकारिता की विशिष्टता और विश्वसनीयता पर चर्चा छिड़ी थी। मैंने उनसे दोटूक कह दिया था, बाबा, मैं चीजों को किसी प्रवक्ता की तरह नहीं देख सकता... मैं आम जनता की तरह सोचता हूँ।
थोड़ा सा गुस्सा उनकी आँखों से बाहर झाँकने लगा था, लेकिन अगले ही पल उन्होंने मुझे अपने सुरक्षा-घेरे में खींच लिया था।
कितना कुछ समेटे हुए था उनका प्रभावशाली विचारों से सजा हुआ जीवन।
अनगिनत लंबी यात्राएँ और स्वाद से भरपूर व्यंजनों से सजा उनका पूरा जीवन—अनुशासन, दैनिकचर्या, संवाद-कला, किस्से-कहानियाँ, और जाने क्या-क्या।
अब आप सोचिए कि केरला में नारियल के खोल की कटोरी बनती है।
उसके झाल से सजावट के सामान बनते हैं।
लौकी की झरी वाली मिठाई है।
सेम के बिया के नमकीन खईले बड़े?
बैगुन भाजा दूसरे तरह से भी बनता है।
फलाने प्रचारकों की कहानी।
दो स्थानों के बीच चलने वाली सुगम्य साधनों की व्यवस्थित जानकारी।
हर यात्रा के पड़ाव पर बैठे उनके संपर्क।
उसके झाल से सजावट के सामान बनते हैं।
लौकी की झरी वाली मिठाई है।
सेम के बिया के नमकीन खईले बड़े?
बैगुन भाजा दूसरे तरह से भी बनता है।
फलाने प्रचारकों की कहानी।
दो स्थानों के बीच चलने वाली सुगम्य साधनों की व्यवस्थित जानकारी।
हर यात्रा के पड़ाव पर बैठे उनके संपर्क।
उनकी उपस्थिति से मेरा यह साधारण सा जीवन कितना अलौकिक और प्रेरणादायक रहा है, इस अहसास से मेरा मन आज भी प्रफुल्लित हो उठता है। हर विशेष दिवस पर पहला फोन बाबा को ही जाता था। मेरे शुभकामनाएँ देने से पहले ही वे अपने आशीर्वाद से मुझे नहला देते और अगली पंक्ति में तड़ से कहते—"
कहाँ रहत बड़े तू? त्यौहार नाई रही तो याद नाई करबे?
क्या यह संभव है? बिना उनकी स्मृतियों के एक खाली और बेचैन बचा हुआ यह जीवन जी पाना? यह विचार मात्र ही भीतर तक भयभीत कर जाता है।
यह किताब... उनके विराट जीवन के आगे भला क्या मूल्य रखती? या शायद मेरे उस अंतर्द्वंद को किसी बहुत बड़े अपनत्व और उत्साह के साथ विराम दे जाती?
मैं अभी पुनः निर्मल जी कि अंतिम अरण्य पढ़ रहा हूं। काश यह मेरे लिए भी संभव होता कि मैं उनके अंतिम कुछ दिनों को, उनके मूल्यवान विचार और दूरदर्शी सोच को पन्नों पर कहीं छोड़ पाता।
No comments:
Post a Comment